Jamshedpur (Jharkhand) : झारखण्ड छात्र मोर्चा, पूर्वी सिंहभूम जिला कमेटी ने कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा जारी हालिया ट्रांसफर एवं पोस्टिंग आदेश का स्वागत किया है। संगठन का कहना है कि यह कदम विश्वविद्यालय में फैली अव्यवस्था, मनमानी और जवाबदेही की कमी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
मोर्चा ने आरोप लगाया कि लंबे समय से कुछ महाविद्यालयों में पदस्थ प्राचार्य अपने अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए संस्थानों को निजी संपत्ति की तरह संचालित कर रहे थे। इसका सीधा असर छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक माहौल पर पड़ रहा था। कई जगहों पर मानसिक उत्पीड़न और शोषण की शिकायतें भी सामने आई थीं।
संगठन ने बताया कि इन मुद्दों को लेकर वह लगातार विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष आवाज उठाता रहा है और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करता रहा है। ऐसे में यह तबादला-पोस्टिंग आदेश छात्र हितों की रक्षा की दिशा में एक ठोस और समयानुकूल निर्णय है।
झारखण्ड छात्र मोर्चा ने विश्वविद्यालय प्रशासन से उम्मीद जताई है कि आगे भी इसी तरह पारदर्शी और सख्त फैसले लिए जाएंगे, जिससे शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन, गुणवत्ता और विश्वास बहाल हो सके। साथ ही नवपदस्थापित प्राचार्यों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि वे अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें और छात्र हितों से किसी प्रकार का समझौता न करें।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur Crime Daybook: बागबेड़ा में 4 लाख की चोरी का खुलासा, तीन गिरफ्तार; डैम में डूबने से मौत
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी भी कॉलेज में छात्र हितों की अनदेखी, शोषण या मनमानी की शिकायत मिलती है, तो वह लोकतांत्रिक तरीके से सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगा।




