Jamshedpur : जमशेदपुर में रंगदारी वसूली की एक बड़ी साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया है। मानगो के आजाद नगर क्षेत्र में सक्रिय एक नए गैंग (Mango Gang) को पहली ही कोशिश में धर दबोचते हुए पुलिस ने गैंग लीडर समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि उलीडीह थाना पुलिस को इनपुट मिला था कि कुछ संदिग्ध युवक सफेद रंग की आई-20 कार से मानगो से डिमना की ओर जाकर कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर एसपी सिटी के निर्देश पर डीएसपी पटमदा के नेतृत्व में डिमना चौक के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसे भी पढ़ें – झारखंड पुलिस में नया अध्याय: रिटायरमेंट की दहलीज पर तदाशा मिश्रा बनीं पहली महिला रेगुलर DGP, 2027 तक रहेगा कार्यकाल
इसी दौरान मानगो की ओर से आती एक सफेद आई-20 कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर तीनों युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान मो. अमान के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया, जबकि कार से बेसबॉल बैट, फोल्डिंग चाकू, लोहे का रॉड और एप्पल कंपनी का आईफोन भी जब्त (Mango Gang) किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उलीडीह थाना क्षेत्र के कारोबारियों को डराने-धमकाने के लिए हथियारों के साथ निकले थे और रंगदारी वसूलने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार गैंग का सरगना अयाज बिहार के मुंगेर से अवैध हथियार खरीदकर लाया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अयाज उर्फ फैजल, अरशद और अमान के रूप में हुई है। तीनों पूर्वी सिंहभूम जिले के निवासी हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।




