Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में इस साल जनवरी से नवंबर तक सड़क हादसों के चिंताजनक आंकड़े (Jamshedpur Accident) सामने आए हैं। जिले में कुल 273 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 176 लोगों की मौत हुई है। सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि 100 से अधिक मौतों (Jamshedpur Accident) का कारण हेलमेट और सीटबेल्ट न लगाना रहा।
जमशेदपुर डीसी सभागार में बुधवार को हुई यातायात एवं सड़क सुरक्षा संबंधी बैठक में डीसी कर्ण सत्यार्थी ने हाईवे पर ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और सुरक्षा नियमों की अनदेखी को हादसों का बड़ा कारण बताया। उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, हाईवे पर निगरानी बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में वाहन जांच अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में केबुल कंपनी विवाद तेज, मजदूरों ने NCLT कोलकाता फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट व NCLT दिल्ली में अपील का लिया फैसला+VDO
नए साल के जश्न को देखते हुए शराब दुकानों, होटल-ढाबों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध शराब की बिक्री-सेवन पर रोक लगाने और ड्रंक एंड ड्राइव पर कड़ी कार्रवाई के आदेश भी दिए गए। स्टंट बाइकर्स, मॉडिफाइड साइलेंसर व हॉर्न पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
हिट एंड रन मामलों में लंबित मुआवजे के भुगतान के लिए इंश्योरेंस कंपनियों से समन्वय बनाने के भी निर्देश दिए गए।
मीटिंग में सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले जादूगोड़ा के गुड समारिटन धरनी दास को 2000 रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, संबंधित विभागों के अधिकारी व परिवहन एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




