सीतारामडेरा पुलिस ने आरोपी को पुरुलिया बस स्टैंड से किया गिरफ्तार
Jamshedpur : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला सामने आया है। रईस आलम, जो कारवां ट्रांसपोर्ट के तहत बस परिचालन करते हैं, ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद आरोपी प्रफुल्ल पांडेय को सीताराम डेरा पुलिस ने बुधवार की रात गिरफ्तार ( Mango Bus Stand Arresting) कर लिया है। उसे मानगो बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया है। अब आरोपी को जेल भेजा जाएगा।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मानगो बस स्टैंड स्थित प्रफुल्ल पांडे ने बस परमिट और टैक्स के नाम पर उनसे वर्ष 2022-23 में किस्तों के माध्यम से 6.5 लाख रुपये लिए। प्रफुल्ल पांडे ने उन्हें और अन्य बस मालिकों को नकली परमिट और टैक्स की फर्जी रसीदें थमा दीं। जब सच्चाई सामने आई तो रईस आलम को दंडस्वरूप अतिरिक्त 3.5 लाख रुपये टैक्स चुकाना पड़ा।
रईस आलम का कहना है कि उनके साथ-साथ उनके सहयोगी खिजर हयात के वाहनों (OD 09K 9577, OD 09K 9677, OD 09K 7677 और OD 09K 7977) के लिए भी प्रफुल्ल पांडे ने जाली परमिट और नकली टैक्स रसीद उपलब्ध कराई। शिकायत में मोबाइल रिकॉर्डिंग और ऑनलाइन भुगतान के सबूत भी होने की बात कही गई है।
इतना ही नहीं, रईस आलम ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने 28 जून 2025 को प्रफुल्ल पांडे से बकाया पैसे की मांग की, तो प्रफुल्ल पांडे ने उनके और उनके सहयोगियों के खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज करा दी। साथ ही गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने पुलिस से प्रफुल्ल पांडे पर धोखाधड़ी और वित्तीय गबन के मामले में कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इसी के बाद पुलिस ने मानगो बस स्टैंड पर छापामारी कर आरोपी को गिरफ्तार (Mango Bus Stand Arresting) किया है।




