Jamshedpur (Jharkhand) : टाटा स्टील कंपनी परिसर में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने और कथित तौर पर चोरी की नीयत से घूमने के आरोप में सुरक्षा विभाग की टीम ने दो युवकों को पकड़ लिया। दोनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए (Tata Steel Jamshedpur) बिष्टुपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पकड़े गए युवकों की पहचान जुगसलाई स्थित गरीब नवाज कॉलोनी निवासी मुबारक अली, पिता किस्मत अली, और मो. अरशद, पिता मो. नबी बख्श, के रूप में हुई है। घटना के बाद कंपनी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर की देर रात करीब 1:20 बजे टाटा स्टील परिसर के जोन-4 स्थित ट्रैक हॉपर-4 के पास कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की सूचना सुरक्षा विभाग (Tata Steel Jamshedpur)को मिली थी। आशंका जताई गई थी कि कुछ असामाजिक तत्व चोरी की नीयत से कंपनी परिसर में अनधिकृत रूप से दाखिल हुए हैं।
सूचना मिलते ही टाटा स्टील के सुरक्षा विभाग की टीम सक्रिय हो गई। टीम तत्काल मौके पर पहुंची और संबंधित इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। इसी दौरान दो युवकों को पकड़ लिया गया। सुरक्षा टीम की तत्परता के बाद दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंपने का निर्णय लिया गया।
नियमानुसार दोनों युवकों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद सुरक्षा विभाग ने उन्हें बिष्टुपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दोनों युवक कंपनी परिसर में किस उद्देश्य से दाखिल हुए थे।
फिलहाल, मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और युवकों की कथित मंशा के संबंध में स्थिति स्पष्टहो सकेगी।




