न्यूज़ बी रिपोर्टर, जमशेदपुर : हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को बहुमत मिलने के बाद अब मुख्यमंत्री पद के लिए खींचतान शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री पद हासिल करने के लिए हिमाचल के वरिष्ठ कांग्रेसी विधायक विधायकों को अपने अपने पाले में करने की कवायद में जुट गए हैं। अलग-अलग बैठकों का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस पार्टी ने भी शिमला में विधायक दल की बैठक की है। इस बैठक में कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला भी मौजूद थे। उनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी मौजूद थे। यह दोनों शुक्रवार की दोपहर शिमला पहुंचे हैं।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ‘न्यूज़ बी’ के रिपोर्टर को बताया कि मुख्यमंत्री का चुनाव सभी विधायकों की राय से होगा। वह लोग विधायकों की राय जानने आए हैं। विधायकों की राय लेने के बाद ही हाईकमान को रिपोर्ट सौंपेंगे। इसके बाद, मुख्यमंत्री तय किया जाएगा। मुख्यमंत्री कौन होगा यह विधायकों की राय पर ही निर्भर होगा। दूसरी तरफ, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, प्रतिभा सिंह के घर पर सुबह से ही कांग्रेस के नेताओं का आना जाना लगा हुआ है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व ठियोग से विधायक कुलदीप सिंह राठौर भी प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के घर पहुंचे। कई विधायक वहां पहुंचे और प्रतिभा सिंह को जीत की बधाई दी। प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी प्रतिभा सिंह को बधाई दी है। भूपेश बघेल ने कहा कि पार्टी के नेताओं और खासकर प्रियंका गांधी की मेहनत के चलते हिमाचल में कांग्रेस की जीत हुई है।
Pingback : पोटका में एसडीओ धालभूम डीटीओ ने अवैध खनिज के परिवहन में लगे 5 वाहनों को किया जब्त – News Bee