Jamshedpur (Jharkhand) : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के आगामी चुनाव को लेकर राज्यभर में अधिवक्ताओं के बीच उत्साह और सक्रियता तेज हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में बार काउंसिल (Jharkhand State Bar Council) के 25 सदस्यों में से 23 पदों पर चुनाव 12 मार्च 2026 को कराए जाएंगे। इनमें 18 पद पुरुष एवं 5 पद महिला प्रत्याशियों के लिए आरक्षित होंगे, जबकि शेष दो सदस्यों का मनोनयन बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा किया जाएगा।
इस संबंध में 6 जनवरी 2026 को झारखंड स्टेट बार काउंसिल (Jharkhand State Bar Council) द्वारा अधिसूचना जारी की गई थी। मंगलवार 13 जनवरी को जमशेदपुर के नए कोर्ट परिसर में इसे लेकर खासा हर्षोल्लास देखा गया। जमशेदपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता अक्षय कुमार झा ने बताया कि इस चुनाव को लेकर जमशेदपुर के अधिवक्ताओं में जबर्दस्त उत्साह है।
दूसरी तरफ, झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन राजेश कुमार शुक्ला जमशेदपुर जिला बार संघ पहुंचे और अधिवक्ताओं से मुलाकात कर चुनाव प्रक्रिया की जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने लोहड़ी, मकर संक्रांति, टुसू एवं ओणम पर्व की सभी अधिवक्ताओं को शुभकामनाएं भी दीं।
बैठक में अधिवक्ता अक्षय कुमार झा, मिथिलेश सिंह, राजू सिंह, रामशंकर दुबे, त्रिलोकी नाथ ओझा, निलेश कुमार, सुनीश पांडे, विजय शंकर पाठक, प्रह्लाद शर्मा समेत कई वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ता उपस्थित थे। अधिवक्ताओं ने राजेश कुमार शुक्ला को आगामी चुनाव में प्रत्याशी बनने के लिए बधाई दी।
चुनाव प्रक्रिया के तहत सभी औपचारिक कार्य झारखंड स्टेट बार काउंसिल कार्यालय में सुबह 11:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होंगे। इस बार नामांकन शुल्क में बड़ा बदलाव किया गया है। प्रत्याशियों को 1.25 लाख रुपये का नॉन-रिफंडेबल डिमांड ड्राफ्ट जमा करना होगा, जबकि नामांकन फॉर्म का शुल्क 2,000 रुपये निर्धारित किया गया है। चुनाव लड़ने के लिए यह भी अनिवार्य है कि प्रत्याशी का नाम कम से कम 10 वर्षों से स्टेट बार काउंसिल की सूची में दर्ज हो।
इसे भी पढ़ें – बोड़ाम में अवैध भैंसा लड़ाई बनी जानलेवा, उग्र भैंसे के हमले से ग्रामीण की मौत, नाबालिग बेटा गंभीर
सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अंबुजनाथ को चुनाव का मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वर्तमान में जमशेदपुर से राजेश कुमार शुक्ला (वाइस चेयरमैन) और पूर्व महासचिव अनिल कुमार तिवारी निर्वाचित सदस्य हैं। सूत्रों के अनुसार इस बार कई वरिष्ठ अधिवक्ता मैदान में उतरने की तैयारी में हैं, जिससे चुनाव रोचक होने की संभावना है।
चुनाव कार्यक्रम
* 20 जनवरी: मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन
* 21 से 27 जनवरी: दावा-आपत्ति
* 03 फरवरी: अंतिम मतदाता सूची
* 10–11 फरवरी: नामांकन दाखिल
* 13 फरवरी: नामांकन की जांच
* 14 फरवरी: वैध प्रत्याशियों की सूची
* 17 फरवरी: नाम वापसी
* 18 फरवरी: अंतिम प्रत्याशी सूची
12 मार्च : मतदान एवं मतगणना




