Jharkhand Panchayat Election : सभी 24 जिलों में मतदान केंद्रों का सर्वे पूरा, पूर्वी सिंहभूम के 2748 बूथों की रिपोर्ट रांची भेजी गई; जनवरी तक ओबीसी ट्रिपल टेस्ट पूरा करने का लक्ष्य
Jamshedpur (jharkhand) : झारखंड में पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने अगले साल अप्रैल-मई 2027 में पंचायत चुनाव कराने की तैयारी शुरू कर (Jharkhand Panchayat Election) दी है। इस बार चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराए जाएंगे। पंचायत प्रतिनिधियों का मौजूदा कार्यकाल जून 2027 में समाप्त हो रहा है। ऐसे में आयोग की कोशिश है कि कार्यकाल पूरा होने से पहले ही चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न करा ली जाए।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर झारखंड के सभी 24 जिलों में मतदान केंद्रों का सर्वे पूरा कर लिया गया है। जिलों से सर्वे रिपोर्ट आयोग को भेजी जा रही है। पूर्वी सिंहभूम जिले ने भी अपने सभी मतदान केंद्रों की रिपोर्ट रांची भेज दी है। अब आयोग के निर्देश के अनुसार मतदान केंद्रों में पाई गई कमियों को दूर करने की तैयारी (Jharkhand Panchayat Election) होगी।
मतदान केंद्रों पर पेयजल, रोशनी और रैंप की जांच
सर्वे के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर जाकर बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। इसमें पेयजल की उपलब्धता, पर्याप्त रोशनी, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जांच की गई।
पूर्वी सिंहभूम जिले में फिलहाल 2748 मतदान केंद्र हैं। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर कमियां सामने आई हैं। जिन मतदान केंद्रों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, वहां बल्ब आदि लगाए जाएंगे। पेयजल की सुविधा के लिए हैंडपंप की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, जिन केंद्रों पर रैंप नहीं हैं या उनकी स्थिति खराब है, उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा।
ओबीसी आरक्षण के लिए ट्रिपल टेस्ट की तैयारी
इस बार पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण का निर्धारण भी अहम मुद्दा रहेगा। वर्ष 2022 में हुए पिछले पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण निर्धारित किए बिना चुनाव कराए गए थे। इसे लेकर राज्य सरकार की आलोचना हुई थी।
इसके बाद नगर निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण के लिए ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया अपनाई गई थी। अब पंचायत चुनाव से पहले भी सरकार इसी प्रक्रिया को पूरा करने की तैयारी में है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, दिसंबर तक ट्रिपल टेस्ट की प्रक्रिया को लेकर औपचारिक पहल किए जाने की संभावना है। जनवरी 2027 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद जिलावार ओबीसी आरक्षण का निर्धारण किया जाएगा। झारखंड में कुल 4346 ग्राम पंचायतें, 265 पंचायत समितियां और 24 जिला परिषद हैं।
एसआईआर के बाद तैयार होगी पंचायतों की मतदाता सूची
पंचायत चुनाव में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ने की भी संभावना है। फिलहाल पूर्वी सिंहभूम जिले में 2748 मतदान केंद्र हैं। हालांकि, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई मतदाता सूची के आधार पर पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट तैयार की जाएगी।
नई मतदाता सूची का पंचायतवार विखंडन किया जाएगा। इसके बाद निर्धारित मानकों के अनुसार मतदान केंद्रों की संख्या में बदलाव किया जा सकता है।
पूर्वी सिंहभूम जिले में प्रखंडवार मतदान केंद्रों की स्थिति इस प्रकार है।
| प्रखंड | मतदान केंद्र |
|—|—:|
| मुसाबनी | 210 |
| पोटका | 401 |
| पटमदा | 167 |
| बोड़ाम | 139 |
| घाटशिला | 262 |
| बहरागोड़ा | 306 |
| चाकुलिया | 218 |
| धालभूमगढ़ व डुमरिया | 124 |
| गुड़ाबांदा | 86 |
| जमशेदपुर | 711 |
| **कुल** | **2748** |
पूर्वी सिंहभूम की 231 पंचायतों में होगा चुनाव
पूर्वी सिंहभूम जिले में इस बार 231 पंचायतों के लिए मुखिया का चुनाव कराया जाएगा। इसके अलावा जिला परिषद के 27 सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों और पंचायतों के वार्ड सदस्यों का भी निर्वाचन होगा।
प्रखंडवार पंचायतों की संख्या इस प्रकार है।
| प्रखंड | पंचायतों की संख्या |
|—|—:|
| बहरागोड़ा | 26 |
| चाकुलिया | 19 |
| गुड़ाबांदा | 8 |
| धालभूमगढ़ | 11 |
| घाटशिला | 22 |
| मुसाबनी | 19 |
| डुमरिया | 10 |
| जमशेदपुर | 55 |
| पोटका | 34 |
| पटमदा | 15 |
| बोड़ाम | 12 |
| **कुल** | **231** |
राज्य निर्वाचन आयोग के सामने अब मतदान केंद्रों की व्यवस्था दुरुस्त कराने, नई मतदाता सूची के आधार पर बूथों का निर्धारण करने और ओबीसी आरक्षण की प्रक्रिया पूरी कराने की चुनौती है। इन तैयारियों के पूरा होने के बाद अप्रैल-मई 2027 में पंचायत चुनाव कराने का रास्ता साफ हो सकेगा।
इसे भी पढ़ें – Mango Jabir Bridge : 57 लाख रुपये से बनेगा मानगो का जाबिर पुल, 20 साल पुरानी मांग पूरी होने की जगी उम्मीद




