Jamshedpur (Jharkhand) : कदमा स्थित मरीन ड्राइव पर बने श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र के भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (President Jamshedpur Visit) बारीडीह पहुंचीं। बारीडीह स्थित मणिपाल-टाटा मेडिकल कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के समापन के बाद शाम करीब चार बजे जब राष्ट्रपति परिसर से बाहर निकलीं तो सड़क किनारे बड़ी संख्या में खड़े लोगों को देख उन्होंने अपना काफिला रुकवा दिया।
राष्ट्रपति (President Jamshedpur Visit) वाहन से उतरकर करीब 150 कदम तक पैदल चलीं और सड़क किनारे खड़े लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। अपने बीच राष्ट्रपति को देखकर लोगों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। खासकर महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। भीड़ में मौजूद बच्चों को राष्ट्रपति ने स्वयं चॉकलेट बांटी। एक बच्ची ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उन्हें राष्ट्रपति ने अपने हाथों से चॉकलेट दी।
स्थानीय महिला परविंदर ने बताया कि वह कई घंटों से राष्ट्रपति की एक झलक पाने के लिए खड़ी थीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का इस तरह गाड़ी से उतरकर आम लोगों के बीच आना बेहद सुखद अनुभव रहा। उन्होंने बच्चों को आशीर्वाद भी दिया। पूरे दौरान व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रही और किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई।
टॉपर छात्रों से संवाद, परिसर में किया पौधारोपण
मणिपाल-टाटा मेडिकल कॉलेज में राष्ट्रपति ने विभिन्न सत्रों के टॉपर छात्रों के साथ फोटो सेशन किया और उनसे संवाद भी किया। इस कार्यक्रम को परिचय सम्मेलन का नाम दिया गया था। राष्ट्रपति ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार भविष्य में परिसर में द्रौपदी मुर्मु स्पोर्ट्स एंड फूड कैंपस विकसित करने की योजना है।
मानगो बस स्टैंड होते हुए बारीडीह पहुंचा काफिला
कदमा का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति का काफिला मरीन ड्राइव, खरकई लिंक रोड और मानगो बस स्टैंड गोलचक्कर होते हुए भुइयांडीह मार्ग से बारीडीह पहुंचा। रास्ते भर लोग तिरंगा लेकर खड़े रहे और राष्ट्रपति जिंदाबाद के नारे लगाते रहे। स्थानीय निवासी उदय कुमार सिंह ने कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि राष्ट्रपति उनके इलाके में आएंगी। उनके आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।
Jamshedpur President Visit: मानगो में दो घंटे तक जाम से लोग परेशान
राष्ट्रपति के काफिले के गुजरने से पहले मानगो गोलचक्कर पर बैरिकेडिंग कर यातायात रोक दिया गया था। दोपहर करीब डेढ़ बजे से ही यातायात प्रभावित होने लगा। करीब साढ़े तीन बजे बैरिकेडिंग हटाई गई, लेकिन तब तक मानगो पुल से ओल्ड पुरुलिया रोड, डिमना चौक और पारडीह चौक तक लंबा जाम लग चुका था।
इसे भी पढ़ें – आज से जगन्नाथ हुए जमशेदपुर विहारी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने किया श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक केंद्र का शिलान्यास+VDO
मानगो बस स्टैंड से साकची की ओर जाने वाली पुराना एमजीएम अस्पताल मार्ग पर भी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो से ढाई घंटे तक लोग सड़क पर फंसे रहे। जाम खुलने के बाद भी ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य करने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।




