Home > India > पंचायत में निकाय चुनाव की तैयारी शुरू, डीसी ने मोरहाबादी में ईवीएम वेयरहाउस का किया निरीक्षण

पंचायत में निकाय चुनाव की तैयारी शुरू, डीसी ने मोरहाबादी में ईवीएम वेयरहाउस का किया निरीक्षण


न्यूज़ बी रिपोर्टर, रांची : झारखंड में कोरोना का असर कम होने के साथ ही सरकार ने पंचायत चुनाव और नगर निकाय चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इसे लेकर मतदान के उपकरण को ठीक किया जा रहा है। डीसी छवि रंजन ने सोमवार को मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम जाकर ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस वेयरहाउस में ईवीएम मशीन और सीसीटीवी समेत मतदान से संबंधित अन्य उपकरण रखे गए हैं। डीसी ने सभी उपकरणों की जांच कराई। यह देखा गया कि सभी उपकरण काम कर रहे हैं या नहीं। डीसी छवि रंजन ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर समय-समय पर वेयरहाउस का निरीक्षण किया जाता है और उपकरणों का जायजा लिया जाता है। निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट भेजी जाएगी कि सभी उपकरण ठीक-ठाक हैं। निरीक्षण के दौरान विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधि के अलावा उप निर्वाचन अधिकारी रामवृक्ष महतो और वेयरहाउस की ड्यूटी पर लगे अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। वेयरहाउस की सील राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के सामने ही खोली गई। गौरतलब है कि पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल पूरा हो चुका है। कोरोना के चलते चुनाव टाल दिए गए थे। चुनाव प्रक्रिया की तैयारी कई महीने पहले से शुरू है। अब कोरोना का असर कम होने के बाद सरकार ने फिर चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदेश में जिला परिषद के अलावा पंचायत के चुनाव होने हैं। इसके अलावा, नगर निकायों के भी चुनाव कराए जाएंगे। रांची नगर निगम के चुनाव भी होंगे। रांची नगर निगम के पार्षद भी चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। मार्च तक नगर निगम के चुनाव कराए जा सकते हैं। इसके अलावा, जमशेदपुर में मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद का पहली बार चुनाव होगा।

Leave a Reply