Home > UP > पूर्व सांसद अतीक अहमद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की सम्पत्ति कुर्क

पूर्व सांसद अतीक अहमद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की सम्पत्ति कुर्क

इमरान हैदर रिजवी, कौशांबी : कौशाम्बी एवं प्रयागराज जिले की सीमा पर स्थित पूर्व सांसद अतीक अहमद की करोड़ों की संपत्ति को प्रशासन ने कुर्क कर लिया है। साथ ही हिदायत दी गई है कि अगर कोई भी व्यक्ति इस भूखंड पर अनाधिकृत प्रवेश करेगा तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि कौशाम्बी जनपद के चरवा थाना अन्तर्गत महंगाव चौकी क्षेत्र के जीटी रोड रसूलाबाद कोइलहा स्थित बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद की लगभग 25 करोड़ रुपए कीमत की जमीन गिरोहबन्द समाज विरोधी निवारण अधिनियम 1986 थाना धूमनगंज जनपद प्रयागराज में गैंगेस्टर एक्ट की धारा 14(1) के अन्तर्गत कुर्क की गई है। प्रयागराज जिले के खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के चकिया के रहने वाले अभियुक्त अतीक अहमद पुत्र स्व.हाजी फिरोज निवासी 95 डी/15 चकिया खुल्दाबाद थाना खुल्दाबाद जनपद प्रयागराज की गाटा संख्या- 1116 रकबा 1.46020 हेक्टेयर (लगभग छः बीघा) अचल संपत्ति कौशांबी जिले के चायल तहसील में रसूलाबाद कोइलाहा में है। इसको जिला मजिस्ट्रेट प्रयागराज द्वारा पारित निर्णय आदेश के तहत कुर्क किया गया।साथ हिदायत दी गई कि यदि इसमें कोई भी व्यक्ति अनाधिकृत रूप से प्रवेश करेगा तो उसके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एसपी सिटी प्रयागराज, एएसपी.प्रयागराज द्वितीय, उप जिलाधिकारी सदर प्रयागराज, उप जिलाधिकारी चायल कौशाम्बी, थाना प्रभारी धूमनगंज प्रयागराज, थाना पूरामुफ्ती प्रयागराज, चरवा थाना के चौकी प्रभारी महगांव एवं भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही।

Leave a Reply