Home > Crime > SIT की बड़ी कार्रवाई: बाइक चोरी गिरोह का खुलासा, पांच गिरफ्तार, 25 बाइक-स्कूटी बरामद+VDO

SIT की बड़ी कार्रवाई: बाइक चोरी गिरोह का खुलासा, पांच गिरफ्तार, 25 बाइक-स्कूटी बरामद+VDO

जमशेदपुर समेत कई थाना क्षेत्रों से चोरी कर ग्रामीण इलाकों में खपाते थे वाहन, ताजा कार्रवाई में आठ वाहन और दो मोबाइल जब्त

Jamshedpur (Jharkhand) : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करने वाले एक संगठित गिरह (Jharkhand Bike Theft Gang) का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की विशेष अनुसंधान टीम (SIT) ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े मामलों में अब तक 25 चोरी की बाइक और स्कूटी बरामद की हैं। ताजा कार्रवाई में आठ वाहन और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, गुड़ाबंदा थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में बाइक चोरी से जुड़े कई संदिग्धों की जानकारी मिली। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व और मुसाबनी डीएसपी की निगरानी में SIT का गठन किया गया।

मुसाबनी के कटकी मैदान में चोरी की बाइक के साथ दो गिरफ्तार

SIT ने तकनीकी साक्ष्य और पूर्व में बरामद वाहनों के सत्यापन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान मुसाबनी डीएसपी को सूचना मिली कि कटकी मैदान के पास दो व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री की तैयारी कर रहे हैं।

सूचना के बाद मुसाबनी थाना पुलिस और SIT की टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस ने वहां से दो आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिल और एक स्कूटी के साथ गिरफ्तार (Jharkhand Bike Theft Gang) किया। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे संगठित तरीके से बाइक और स्कूटी चोरी करते थे।

पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य जमशेदपुर शहर के अलावा पूर्वी सिंहभूम और दूसरे जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्रों से वाहन चोरी करते थे। इसके बाद चोरी के वाहनों को ग्रामीण इलाकों में बेचकर खपाया जाता था।

आरोपियों की निशानदेही पर आठ वाहन बरामद

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कुल आठ मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद कीं। इस मामले में मुसाबनी थाना में कांड संख्या 32/2026, दिनांक 12 सितंबर 2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने बताया कि पूर्व की कार्रवाई में बरामद वाहनों को मिलाकर गिरोह से जुड़े मामलों में अब तक 25 मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद हो चुकी हैं। मामले में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।

 बरामद वाहनों में बाइक और एक्टिवा शामिल

ताजा कार्रवाई में लाल रंग की TVS मोटरसाइकिल, काले रंग की स्प्लेंडर प्लस की दो बाइक, काले रंग की होंडा एक्टिवा, काला-नीला रंग की हीरो मोटरसाइकिल, काले रंग की पैशन प्रो और नीले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी समेत कुल आठ वाहन बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बरामद वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर भी दर्ज किए हैं, ताकि उनके वास्तविक मालिकों की पहचान और संबंधित थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों का सत्यापन किया जा सके।

दो मोबाइल फोन भी जब्त

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए। इनमें एक नीले रंग का Infinix एंड्रॉयड मोबाइल और एक काले रंग का Kechaoda की-पैड मोबाइल शामिल है। पुलिस इन मोबाइल फोन की भी जांच कर रही है।

सुखदेव लोहरा और तोता महली समेत पांच गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सुखदेव लोहरा (24), पिता राजेंद्र लोहरा, निवासी तेरेंगवेडा, छोटा गोविंदपुर, थाना गोविंदपुर, पूर्वी सिंहभूम शामिल है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक उसके खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं। इनमें आरआईटी आदित्यपुर थाना कांड संख्या 04/2024 और उलीडीह ओपी थाना कांड संख्या 85/2026 शामिल हैं।

दूसरे गिरफ्तार आरोपी की पहचान तोता महली उर्फ टोपा महली, पिता स्वर्गीय बिंदा महली उर्फ श्रवण महली, निवासी लाटिया इंगरीडीह के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले में कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर के बड़े रिटेल स्टोरों में मिले प्रतिबंधित खाद्य उत्पाद, जानें किन दर्जन भर प्रतिष्ठानों को नोटिस

गिरोह के दूसरे सदस्यों की तलाश जारी

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। बरामद वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों और संबंधित थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मामलों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही चोरी के वाहनों को खरीदने और ग्रामीण इलाकों में खपाने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply