Jamshedpur (Jharkhand) : झारखंड के जमशेदपुर स्थित बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कांचा गांव में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप (Bagbera Murder) ले लिया। मंगलवार देर रात घर में हुए झगड़े के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई पर टांगी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार (Bagbera Murder) कर जेल भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि मृतक शेरू मार्डी खेती-किसानी करता था और उसे शराब की लत थी। मंगलवार रात वह शराब पीकर घर लौटा और अपने पिता से विवाद करने लगा। बात बढ़ते-बढ़ते मारपीट तक पहुंच गई।
पिता को बचाने के लिए छोटा भाई मनीष मार्डी बीच-बचाव करने पहुंचा, लेकिन इसी दौरान दोनों भाइयों के बीच भी झड़प शुरू हो गई। गुस्से में आकर मनीष ने टांगी उठाई और शेरू पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल शेरू खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।
परिजन उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया। रिम्स में इलाज के दौरान देर रात करीब 1:30 बजे उसकी मौत हो गई।
इसे भी पढ़ें – सोनारी में जेएनएसी की सख्त कार्रवाई, अनधिकृत निर्माण ध्वस्त
घटना की सूचना पर पुलिस ने पहले मामला दर्ज किया। बुधवार को शेरू की मौत के बाद हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने आरोपी मनीष मार्डी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वारदात में इस्तेमाल खून से सनी टांगी भी बरामद कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




