Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा (Sakchi Accident) हो गया। हाथीघोड़ा मंदिर के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से तेज रफ्तार ऑटो जा टकराया। इस हादसे में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। Sakchi Accident में घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के पीछे न तो कोई रिफ्लेक्टर लगा था और न ही किसी तरह का चेतावनी संकेत या लाल कपड़ा बंधा हुआ था। इसी दौरान साकची से मानगो की ओर जा रहा ऑटो ट्रेलर के पिछले हिस्से से जोरदार टक्कर खा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ट्रेलर को सड़क पर क्यों खड़ा किया गया था और इसके पीछे लापरवाही किसकी थी। ट्रेलर चालक और मालिक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर संजीव सिंह हत्याकांड: जोजोबेड़ा जमीन कारोबारी मर्डर केस में JMM नेता दुबराज नाग और जितेंद्र सिंह दोषी करार
गौरतलब है कि जमशेदपुर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं लोगों के लिए चिंता का कारण बनती जा रही हैं। तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के चलते आए दिन जानलेवा हादसे सामने आ रहे हैं।




