सुधा डेयरी के लापता इंजीनियर को पुलिस ने खादगढ़ा बस स्टैंड से किया बरामद
-स्वजन थे परेशान इधर सुजीत घूम रहा था दिल्ली, कोलकाता
न्यूज़ बी रिपोर्टर, रांची: आखिरकार सुधा डेयरी के लापता इंजीनियर सुजीत कुमार को रांची पुलिस ने बुधवार को सुबह सुरक्षित बरामद कर लिया। उन्हें खादगढ़ा बस स्टैंड से बरामद किया गया। करीब एक माह से लापता इंजीनियर दिल्ली और कोलकाता की सैर कर रहे थे। इधर परिजनों की सांसे अटकी हुई थीं। पुलिस कर्मी भी परेशान थे। आखिरकार पुलिस और परिजनों ने बुधवार को राहत की सांस ली है। पुलिस इंजीनियर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इंजीनियर सुजीत कुमार से धुर्वा थाने में पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि इंजीनियर सुजीत 22 दिसंबर की सुबह 09:40 बजे घर से सुधा डेयरी फॉर्म पहुंचे थे। सीसीटीवी में उन्हें आते देखा गया। जबकि उन्होंने काम नहीं किया और उसी दिन से लापता हो गए थे। इधर, परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान थे। इंजीनियर को खोजने के लिए पुलिस ने डेयरी के तालाब तक को दमकल लगा कर सुखा दिया। चप्पा-चप्पा छान मारा। लेकिन कोई अता-पता नहीं चल पा रहा था।
पुलिस ने कुत्ता दौड़ाया, मोबाइल लोकेशन खंगाला, नहीं मिल रही थी सफलता
इंजीनियर को खोजने के लिए पुलिस ने सुधा डेयरी में डॉग स्क्वाड को उतारा, तकनीकी शाखा की टीम सुजीत कुमार के मोबाइल का सीडीआर खंगाल रही थी। दोस्तों, कर्मचारियों से टोह ले रहे थे लेकिन कोई सफलता नहीं मिल रही थी। अचानक सूचना मिली की सुजीत बस स्टैंड में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। अब यह जानकारी जुटाई जा रही है कि बिना बताए आखिर वह क्यों लापता हो गए थे।