बाइक सवार बदमाशों ने किलबर्न कालोनी में महिला के गले से सोने की चेन उड़ाई
न्यूज़ बी रिपोर्टर, रांची: रांची में चेन स्नेचिंग गिरोह सक्रिय है। पुलिस छिनतई की घटना पर लगाम नहीं लग पा रही है। शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने
डोरंडा थाना क्षेत्र के किलबर्न कॉलोनी में एक महिला के गले से सोने की चेन उड़ा ली और आराम से फरार हो गए। घटना सुबह नौ बजे की है। जिस महिला राखी देवी के गले से बदमाश सोने की चेन छीन कर ले गए हैं वह हजारीबाग की रहने वाली है। इस मामले में महिला ने डोरंडा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। रेखा ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को सुबह वह अपने बीमार पिता का इलाज कराने के लिए हजारीबाग से रांची पहुंची थी। उसके पिता बीमार हैं। पिता को लेकर किलबर्न कॉलोनी में एक डॉक्टर के पास जा रही थी। डॉक्टर के क्लीनिक पहुंचने ही वाली थी कि इसी बीच एक बाइक पर सवार दो बदमाश आए और तेजी से गले से सोने की चेन झपटने की कोशिश की। लेकिन महिला ने फौरन अपनी चोन पकड़ ली। छीना झपटी में आधी चेन महिला के गले में ही रह गई। जबकि आधी चेन ले कर बदमाश भाग निकले। इस क्रम में महिला शोर मचाते हुए अपराधियों के पीछे भी भागी। मगर वह फरार होने में कामयाब रहे। सूचना मिलने के बाद डोरंडा थाना प्रभारी रमेश कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस उस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे से घटना का फुटेज निकाल रही है। हालांकि अब तक पुलिस को बदमाशों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। थानेदार रमेश कुमार सिंह ने कहा कि अपराधियों की जल्द पहचान हो जाएगी।