हफ्ते भर से जाम से लोग परेशान, 15 जुलाई के बाद मिल सकती है निजात
न्यूज़ बी रिपोर्टर, जमशेदपुर : मानगो चौक पर शुक्रवार को भयंकर जाम लगा है। सुबह स्कूल जाने के समय छह बजे भी जाम था। अभिभावकों और बच्चों को परेशानी हुई। मानगो चौक से जाम में फंसे लोग लगभग आधे घंटे बाद निकल सके। इसके बाद सुबह आठ बजे फिर जाम लग गया। इस बार ड्यूटी जाने वाले लोगों समेत अन्य लोग जाम में फंस गए। यहां जाम काफी लंबा रहा। मानगो में न्यू पुरुलिया रोड पर पायल टॉकीज तक जाम लगा रहा। इसी तरह डिमना रोड भी जाम रही। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मानगो चौक पर इधर हफ्ते भर से रोज जाम लग रहा है। गुरुवार को भी जाम लगा था। गुरुवार की शाम को भी जाम था। यातायात पुलिस जाम नहीं संभाल पा रही है।
चौक पर बन रहा छोटा गोल चक्कर
मानगो चौक पर छोटा गोल चक्कर बन रहा है। यह गोल चक्कर 10 मीटर डायमीटर और 5 मीटर रेडियस का बन रहा है। गोल चक्कर टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इन्फ्राट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड यानी जुस्को बना रही है। गोल चक्कर का निर्माण कार्य एक जुलाई से शुरू है। अधिकारियों का कहना है कि 15 जुलाई तक इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसी तरह शहीद खुदीराम बोस की प्रतिमा लगाने के लिए डिमना डिवाइडर के पास एक फाउंडेशन बनाया जा रहा है। दोनों काम 15 जुलाई तक खत्म हो जाएंगे। यातायात पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि गोलचक्कर बनने के बाद यहां जाम नहीं लगेगा।