न्यूज़ बी रिपोर्टर, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के दाई गुटों में पम्मी ज्वेलर्स के मालिक अनिल पर बदमाशों ने बुधवार की रात गोली चलाने से पहले स्ट्रीट लाइट बंद कर दी थी। इस फायरिंग में ज्वेलर्स अनिल बाल बाल बचे। गोली उन्हें नहीं लगी। घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा के नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे। विकास सिंह ने कहा कि मानगो इलाके में कानून व्यवस्था की स्थिति काफी बदहाल हो चुकी है। बदमाशों को पुलिस का कोई खौफ नहीं है। तभी उन्होंने प्लानिंग कर ज्वेलर्स पर फायरिंग की। विकास सिंह ने कहा कि ज्वेलर्स का घर उनके दुकान से कुछ ही दूर है। नजदीक में दाई गुड्डू टीओपी भी है। ज्वेलर्स अनिल रोज दुकान बंद कर कीमती आभूषण अपने साथ लेकर घर जाते थे। रात को रोज की तरह 9:00 बजे वह दुकान बंद कर स्कूटी से घर जा रहे थे। तभी उनके ऊपर फायरिंग कर दी गई। भाजपा नेता ने पीड़ित परिवार का हौसला बढ़ाया और आश्वासन दिया कि अपराधी जल्द पकड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर अपराधी जल्द पकड़े नहीं गए तो परिवार और बस्ती वासियों के साथ वह एसएसपी से मिलेंगे और डीजीपी को भी मामले की जानकारी दी जाएगी।